उपायुक्त ने सीओ को दिया बालू घाटों नक्शे के साथ रिपोर्ट देने का निर्देश
बैठक में अवैध खनन के विरुद्ध अंचलवार और कार्यालयवार की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि अंचलाधिकारी मयूरहंंड, कुन्दा, ईटखोरी और कान्हाचट्टी से कैटेगरी-1 बालूघाटों एवं नदीघाटों का नक्शा और स्पष्ट विवरण उपलब्ध कराने के लिए पत्र जारी किया गया है। शेष अंचलों टंडवा, सिमरिया और लावालौंग से रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुआ है। उपायुक्त ने सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को जरूरी रिपोर्ट नक्शा के साथ अविलंंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में माह अगस्त 2025 में अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। चतरा, ईटखोरी, कान्हाचट्टी, कुन्दा, लावालौंग और सिमरिया अंचलों में प्राथमिकी शून्य रहने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को अपने क्षेत्रान्तर्गत सक्रिय औचक छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं में लघु खनिजों की आपूर्ति केवल वैध ई-परिवहन चालान के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, ताकि अवैध खनन एवं परिवहन को रोका जा सके और जिले में राजस्व संग्रह बढ़ाया जा सके।









