केदारनाथ के चौराबाड़ी ग्लेशियर में हिमस्खलन, रेस्क्यू टीमें अलर्ट

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दोपहर लगभग 2 बजे चौराबाड़ी ग्लेशियर क्षेत्र में हिमस्खलन की घटना दर्ज की गई, जो कि मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुसार एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद विशेषज्ञ टीमों को अलर्ट कर दिया गया, जो मौके की वस्तुस्थिति का आकलन कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और इस प्रकार की प्राकृतिक गतिविधियां हिमालयी क्षेत्रों में सामान्य होती हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी प्रकार की असत्य या भ्रामक सूचना का प्रसार न करने का आग्रह किया है।

अफवाहों पर ध्यान न दें : हेमंत द्विवेदी

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने हिमस्खलन को सामान्य घटना बताया है। उन्होंने कहा कि इससे केदारनाथ क्षेत्र या मंदिर के आसपास कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।