कलेक्टर के न्यायालय कक्ष में एसी कंप्रेसर फटने से लगी आग, दमकल की टीम ने पाया काबू

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज पूर्वान्ह कलेक्टोरेट में आम दिनों की तरह ही सरकारी कर्मचारियों के आने का सिलसिला जारी था। कर्मचारी अभी अपने अपने ऑफिस में आकर बैठे ही थे कि तभी अचानक से पूरे कलेक्टोरेट परिसर में धुआं फैलने लगा । जिसके चलते अफरा तफरी मच गई। कर्मचारियों को यह समझते देर नहीं लगी कि कलेक्टोरेट बिल्डिंग में आग लग गई है, फिर खुद को बचाने के लिए वे अपने अपने ऑफिस से बाहर निकल आये। इस बीच पता चला कि एसी का कंप्रेसर फटने की वजह से यह स्थिति निर्मित हुई है, ऐसे में तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। चूंकि घटना कलेक्टर न्यायालय की थी ऐसे में फायर ब्रिगेड की टीम भी, सूचना मिलने के दस मिनट के अंदर ही कलेक्टोरेट पहुंच गई और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया।

उल्लेखनीय है कि सोमवार के दिन कलेक्टर जनदर्शन का दिन भी होता है, इस दिन जिले भर से लोग अपनी शिकायत और मांग लेकर यहां पहुंचते हैं। कलेक्टोरेट में ज़ब आग लगी उस समय बिल्डिंग और परिसर में सरकारी कर्मचारी ही मौजूद थे, आम लोगों की उपस्थिति नहीं के बराबर थी।