भारी बारिश के चलते विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेनें रद्द

रेलवे द्वारा रविवार की देर शाम काे जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि लगातार बारिश से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसी कारण अगले दो दिन यानी आज साेमवार 18 और 19 अगस्त को विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस को विजयनगरम और रायगढ़ा मार्ग से संचालित किया जाएगा। इसके अलावा आज विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन केवल अरकू तक और किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर केवल कोरापुट तक ही चलाई जाएगी । रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय सारिणी की पुष्टि अवश्य कर लें। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे संकेत मिलता है कि बारिश और तेज़ हो सकती है । इस स्थिति को देखते हुए कल यानी 19 अगस्त को दोनों ओर से पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह से रद्द रहेंगी। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए रेलवे लगातार हालात पर नज़र रखे हुए है और आवश्यक निर्णय ले रहा है।