भोपाल : भीम नगर में रहने वाले पुताई ठेकेदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, शराब के नशे में लौटा था घर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय पुताई ठेकेदार डालचंद यादव पुत्र जुगल किशोर यादव भीम नगर छात्रावास के पीछे रहता था और पुताई ठेकेदारी करता था। शनिवार रात उसने घर में चादर का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना के वक्‍त परिजन पड़ोस में जन्माष्टमी की पूजा में शामिल होने गए थे। पूजा के बाद घर लौटी बच्ची ने पिता के शव को फंदे पर लटका देखा तो चाचा को सूचना दी। चाचा राकेश ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार दोपहर को पोस्‍टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पूछताछ में भाई राकेश ने बताया कि शनिवार को उन्हें काम का पेमेंट मिला था। इसके बाद दोनों भाइयों ने एक साथ शराब पार्टी की। शराब पीने के बाद दोनों एक साथ घर लौटे। घर के पड़ोस में जन्माष्टमी पूजा चल रही थी। भाई पूजा के लिए नहाने का बोलकर बाथरूम में चले गए। इसी बीच भाभी और बच्चे पूजा में शामिल होने पड़ोस में चले गए थे। मैं घर के बाहर चला गया। रात ठीक 12 भतीजी पिता को पूजा में शामिल होने के लिए बुलाने घर लौटी। तब उसने पिता के शव को फंदे पर लटका देखा और मुझे सूचना दी। राकेश ने बताया कि भाई ने किसी तरह की कोई परेशानी का जिक्र नहीं किया था।

पुलिस के मुताबिक मृतक के कमरे की तलाशी ली गई लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या से पहले युवक ने किसी परिजन या परिचित को कॉल या मैसेज भी नहीं किया। परिजनों के बयानों के बाद ही आत्महत्या का खुलासा हो सकेगा।