मप्रः भोपाल में कर्मचारियों के नाम पर 73 फर्जी कंपनियां बनाकर 1266 करोड़ के घोटाले का खुलासा
ईडी को पता चला है कि कंपनी ने अपने ही कर्मचारियों और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के नाम पर 73 फर्जी कंपनियां बनाईं। इन कंपनियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर धन शोधन किया गया। इस केस की शुरुआत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), नई दिल्ली द्वारा दर्ज की गई एक प्राथमिकी के आधार पर हुई। एफआईआर में आरोप है कि एओपीएल के डायरेक्टर्स ने कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर बैंकों के साथ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा किया। इन लोगों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) को करीब 1266.63 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया।
ईडी की जांच में सामने आया है कि एओपीएल ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) से 1266.63 करोड़ रुपये का लोन लिया और टर्नओवर को कई गुना बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया। इसके बाद उस रकम को संबंधित पार्टीज़ और खुद की अन्य कंपनियों को “अनसिक्योर्ड लोन” के रूप में ट्रांसफर कर दिया गया। जब पूरा फंड इधर-उधर कर दिया गया, तो कंपनी को जानबूझकर एनपीए घोषित कर दिया गया। इस धोखाधड़ी के बाद बैंक को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल में मामला दर्ज करवाना पड़ा।
ईडी की कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कंपनी के अधिकारियों ने भारत और विदेशों में भारी निवेश किया। अब तक की जांच में लगभग 300 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों का पता चला है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यह जांच अब भी जारी है और आगे और भी बड़े खुलासे संभव हैं।









