बलारामपुर : फर्जी दस्तावेज तैयार कर आंगनबाड़ी सहायिका की नाैकरी हासिल करने वाली चार महिलाओं पर एफआईआर दर्ज

रव‍िवार को मिली जानकारी अनुसार, शंकरगढ़ विकासखण्ड की चार महिलाओं ने अजीजी पब्लिक स्कूल भगवतपुर/कुसमी की फर्जी कक्षा 8वीं की अंकसूची के आधार पर नौकरी हासिल की थी। मामला तब सामने आया जब ग्राम जारगीम की गायत्री ने कलेक्टर को शिकायत की। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने तुरंत जांच के आदेश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी और एसडीएम शंकरगढ़ की टीम ने आठ आंगनबाड़ी केंद्रों की भर्ती प्रक्रिया की जांच की। जिसमें पाया गया कि जारगीम की अरमाना, महुआडीह की रीजवाना, कोठली की प्रियंका यादव और बेलकोना की सुशीला सिंह ने फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाई थी। 20 अगस्त काे जांच रिपोर्ट में इसे संगठित आपराधिक षड्यंत्र बताया गया।

एकीकृत बाल विकास परियोजना कुसमी की प्रभारी परियोजना अधिकारी बबली यादव की शिकायत पर शंकरगढ़ पुलिस ने चारों महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में 508 पृष्ठों की विस्तृत जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी गई है।