ग्राहक को खराब लड्डू बेचे, हलवाई पर लगाया 11 हजार रुपए हर्जाना
मामले के अनुसार, परिवादी ने खोले के हनुमानजी मंदिर में सवामणी प्रसादी के लिए 22 फरवरी 2022 को 50 किलो चौगानी लड्डू 18,500 रुपए में खरीदे थे। उसने लड्डू का मंदिर में भाेग लगाकर परिजनों को प्रसादी वितरण की। उसने जब खुद प्रसाद ग्रहण किया तो पता चला कि लड्डूओं में से बदबू आ रही थी। इस पर उसने अपने परिचित कैलाश से घी की जांच करने के लिए कहा तो पता चला कि घी खराब था। जिस पर परिवादी ने तुरंत ही विपक्षी हलवाई को खराब लड्डू बेचने की शिकायत की। विपक्षी ने उसे कहा कि वे प्रसादी लौटा दें और इसके बदले में उन्हें इसकी कीमत 18,500 रुपए वापस कर दी जाएगी। परिवादी ने विपक्षी को 23 फरवरी को पूरे खराब लड्डू वापस कर दिए, लेकिन विपक्षी ने परिवादी को लड्डुओं की कीमत वापस नहीं की।









