भाजपा पार्षद दल ने कोमल सेना व अन्य पर एफआईआर दर्ज करने एसपी काे साैंपा ज्ञापन

गौरतलब है कि मंगलवार को दलपत सागर की सफाई संबंधी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम एक समाचार चैनल के द्वारा आयोजित किया गया था। पत्र में उल्लेखित है कि उक्त कार्यक्रम में मैं तथा मेरे साथ नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, निर्मल पानीग्राही, महेन्द्र पटेल, सूरज श्रीवास्तव, विवेक जैन, कांग्रेस की पार्षद कोमल सेना, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, पूर्व पार्षद विक्रम सिंह डांगी, बी ललिता राव एवं अन्य कांग्रेस के पार्षद सहित 20 लोग उपस्थित थे। उसी दौरान कोमल सेना मुझे दलपत सागर को भ्रष्टाचार का गढ़ बताकर मुझसे अभद्र टिप्पणी करने लगी। महापौर ने कहा कि कोमल सेना द्वारा लगातार झूठे आरोप लगाकर उन्हें व उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। यह कृत्य लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है और कानून व्यवस्था की दृष्टि से भी अत्यंत आपत्तिजनक है।

कोमल सेना के साथ उसका पति, पूर्व पार्षद बी ललिता राव, विक्रम सिंह डांगी आदि उपस्थित थे, जो सभी कोमल सेना को उकसा रहे थे और सभी एक राय होकर एक आशय से मेरे उपर हमला करने की तैयारी में थे, किन्तु मैं उससे बचने के लिये दूर जा कर खड़ा होता रहा इस कारण बच गया। उसी समय कोमल सेना के द्वारा मुझे बारम्बार गंभीर प्रकरण में झूठा लिप्त कराने की सार्वजनिक रुप से धमकी दी गई है, जिसके साक्षी वहां उपस्थित सभी पार्षदगण तथा अन्य लोग है। घटना स्थल पर उपस्थित लोगों के द्वारा बीच-बचाव किया गया तथा कोमल सेना को समझाने की कोशिश की गई। कार्यक्रम के दौरान पार्षद कोमल सेना ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर अनुचित व्यवहार किया, गाली-गलौज की तथा कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच तनाव उत्पन्न करने का प्रयास किया। महापौर ने कहा कि इस दौरान कोमल सेना व उनके साथियों ने बार-बार अपमानजनक टिप्पणी कर माहौल को बिगाड़ने का कार्य किया।