नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम की घोषित

दरअसल, नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 14 अगस्त को मतदान हुआ था। इस चुनाव में भाजपा समर्थित 12 और कांग्रेस समर्थित 10 सदस्यों ने मतदान किया था। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू हुई जाे 15 अगस्त की तड़के तक चली। इसके बाद मतपत्रों को सीलबंद कर जिला कोषागार में सुरक्षित रख दिया गया था। बुधवार को दोपहर 12 बजे सभी प्रत्याशियों को बुलाया गया, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी माैके पर नहीं पहुंचीं। बाद में एक घंटे के इंतजार के उपरांत भाजपा प्रत्याशियों की मौजूदगी में सीलबंद लिफाफे खोले गये और परिणाम घोषित किये गये।

जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ डीसी जाेशी ने बताया गया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार दीपा धर्मवाल को 11 और कांग्रेस की उम्मीदवार पुष्पा नेगी को 10 मत मिले। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों को 10-10 मत मिलने की स्थिति में लॉटरी से कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट को विजयी घोषित किया गया। माना जा रहा है कि इस चुनाव में भाजपा के 12 में से एक मत अवैध घोषित हो गया तथा एक सदस्य ने क्रॉस वोटिंग की।

उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपा धर्मवाल निवर्तमान उपाध्यक्ष आनंद सिंह धर्मवाल की धर्मपत्नी हैं, जबकि उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट निवर्तमान अध्यक्ष बेला तोलिया की बड़ी बहन हैं। बेला तोलिया भाजपा से अध्यक्ष रह चुकी हैं अब उनकी बहन देवकी कांग्रेस से उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं।

चुनाव की मतगणना से पहले परगना मजिस्ट्रेट नवाजिश खलीक ने किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए जिला मुख्यालय स्थित कोषागार के पांच सौ मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी थी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किय गये थे।

नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा धर्मवाल ने कहा कि उनकी जीत न केवल उनकी, वरन सभी 27 जिला पंचायत सदस्यों की जीत है। वह सभी के सहयोग से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व पानी व सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिये कार्य करेंगी। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय भारतीय जनता पार्टी को भी दिया।