मप्र के आदर्श शर्मा ने स्वतंत्रता दिवस पर अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा लहराया

आदर्श ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 14 अगस्त की रात से अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो के लिए चढ़ाई शुरू की थी। बर्फीली हवाओं, शून्य से नीचे तापमान और कम ऑक्सीजन जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए वह 15 अगस्त की सुबह 6 बजे शिखर पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर फोटो लिए और वीडियो रिकॉर्ड किया।

आदर्श ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह गैर राजनीतिक था। मैंने इसे सिर्फ हमारे वीर जवानों को सम्मान देने के लिए किया है। उनकी प्रेरणा ने ही मुझे हर मुश्किल पार करने की ताकत दी। चढ़ाई के दौरान तेज हवाएं, सिरदर्द और थकान ने कई बार रफ्तार धीमी कर दी, लेकिन देशभक्ति की भावना और सैनिकों के बलिदान की याद ने हौसला बनाए रखा।

23 वर्षीय आदर्श शर्मा छिंदवाड़ा के चौरई के गुरैया ग्राम के निवासी हैं। उनके पिता कमल कृष्ण शर्मा शासकीय शिक्षक हैं और माता रजनी शर्मा गृहणी हैं।