बलरामपुर : नाबालिग लड़की का फर्जी अकाउंट बनाकर फोटो और वीडियो वायरल करने वाला आरोपित झारखंड से गिरफ्तार

बलरामपुर पुलिस के द्वारा आज मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नाबालिग पीड़िता का भाई 17 जुलाई को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराया। शिकायत में उसने बताया कि, उसकी नाबालिग बहन का अज्ञात आरोपित के द्वारा फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर बहन का फोटो और वीडियो वायरल किया जा रहा है।

प्रार्थी के रिपोर्ट पर बलरामपुर थाना में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पीड़िता नाबालिग होने के कारण पॉस्को एक्ट जोड़ी गई। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से अज्ञात आरोपित की पहचान की और उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पुलिस टीम तैयार कर आरोपित के संभावित ठिकानों पर तलाशी के लिए टीम को रवाना किया गया। आरोपित आशुतोष राज (21 वर्ष) ग्राम बरेसाड़ थाना बरेसाड़ जिला लातेहार झारखंड निवासी को पुलिस ने झारखंड के डाल्टनगंज से पकड़कर बलरामपुर थाने लाई।

आवश्यक विवेचना कार्रवाई के बाद पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर बीते सोमवार को आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड प्राप्त कर जिला जेल रामानुजगंज दाखिल कराया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में बलरामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक भापेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक शिपक शर्मा, आरक्षक राधे श्याम यादव एवं साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक हिम्मत सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।