आईआईटी मंडी के भौतिक विज्ञानी फंडामेंटल फिजिक्स ब्रेकथ्रू प्राइज से सम्मानित

ज्ञात हो कि लार्ज हैड्रॉन कोलाइडर विश्व का सबसे बड़ा और सबसे शक्तिशाली कण त्वरक है, जो प्रोटॉन या आयन को प्रकाश की गति के निकट धकेल कर उन्हें टकराता है, ताकि ब्रह्मांड की मौलिक संरचना को समझा जा सके। इसका मुख्य उद्देश्य भौतिकी के स्टैंडर्ड मॉडल का परीक्षण करना था, जिसके तहत 2012 में हिग्स बोसॉन की खोज हुई। एलएचसी वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद करता है कि कणों को द्रव्यमान कैसे मिलता है, बिग बैंग के ठीक बाद के हालात को पुनः उत्पन्न करता है और डार्क मैटर जैसे अज्ञात कणों की खोज करता है। यह तकनीकी नवाचार जैसे सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट और कंप्यूटिंग में भी प्रगति लाता है। फ्रांस-स्विट्जरलैंड की सीमा पर जिनेवा के पास स्थित सीईआरएन वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग का केंद्र है, जो ब्रह्मांड के गहरे रहस्यों को समझने में सहायक है।

उल्लेखनीय है कि आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ फिजिकल साइंसेज में एक्सपेरिमेंटल पार्टिकल फिजिक्स ग्रुप की स्थापना डॉ. अमल सरकार और डॉ. प्रभाकर पालनी द्वारा की गई थी। 2024 में इस समूह ने सीईआरएन के सीएमएस कॉम्पैक्ट म्यूऑन सॉलिनॉयड सहयोग में आधिकारिक रूप से शामिल होकर वैश्विक उच्च ऊर्जा भौतिकी अनुसंधान में भारतीय संस्थानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की। सीईआरएन के बड़े प्रयोगों में इनकी सक्रिय भागीदारी आईआईटी मंडी की वैश्विक वैज्ञानिक सहयोग में बढ़ती उपस्थिति को दर्शाती है और मौलिक भौतिकी में अत्याधुनिक अनुसंधान को आगे बढ़ाने की संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह उपलब्धि न केवल आईआईटी मंडी की अनुसंधान क्षमता को दर्शाती है बल्कि अंतरराष्ट्रीय उच्च ऊर्जा भौतिकी समुदाय में भारत के योगदान को भी रेखांकित करता है।