बलरामपुर : युक्तियुक्तकरण में सेटअप 2008 की मांग पूरी नहीं होने पर शिक्षक साझा मंच काउंसलिंग का करेगी सामूहिक बहिष्कार
बलरामपुर : युक्तियुक्तकरण में सेटअप 2008 की मांग पूरी नहीं होने पर शिक्षक साझा मंच काउंसलिंग का करेगी सामूहिक बहिष्कार
बलरामपुर, 1 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 2008 के सेटअप का पालन न करते हुए नए सेटअप के अनुसार विद्यालय और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण कर रही है, जिससे राज्य के कुल 10463 विद्यालय एवं लगभग 45 हजार की संख्या में शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। राज्य शासन के इस युक्तियुक्तकरण के विरोध में विरोध में आज रविवार को छत्तीसगढ़ शिक्षक साझा मंच के बैनर तले रामचंद्रपुर की एक बैठक स्थानीय श्रीराम मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
शिक्षकों का कहना है कि, 2008 के सेटअप का पालन न करते हुए शिक्षकों को मनमाने तरीके से अतिशेष मानकर युक्तियुक्तकरण के तहत वरिष्ठ शिक्षकों को भी दूसरे विद्यालयों में पदस्थ करने का षडयंत्र चल रहा है, जिसके कारण शिक्षकों में रोष है। अभी तक अतिशेष शिक्षकों की सूची का प्रकाशन एवं रिक्त पदों की सूची विभाग द्वारा प्रकाशन नहीं किया गया है, जिसके कारण शिक्षकों में भारी आक्रोश है।
ब्लॉक संचालक राजेश्वर कुशवाहा ने बताया कि, 2008 के सेटअप का पालन किया जाए। प्रभावित शिक्षकों का दावा आपत्ति का समय दिया जाए। विभाग यदी ऐसा नहीं करती है तो छत्तीसगढ़ शिक्षक साझा मंच के बैनर तले युक्तियुक्तकरण काउंसलिंग का सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही ब्लॉक संचालक प्रदीप चौबे के द्वारा शासन को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सभी प्रक्रिया पारदर्शी तरीका अपनाते हुए 2008 के सेटअप का पालन करके पूर्ण करें।
बैठक में ब्लॉक संचालक राजेश्वर कुशवाहा एवं प्रदीप चौबे के साथ रमन गुप्ता आईटी सेल प्रभारी, आलोक सिंह, विनोद रवि, संतोष कुमार वर्मा, रमेश मिश्रा, अनिल तिवारी, सुधीर यादव, शिवकुमार रवि, जयवंश राम, मुकेश कुमार गुप्ता के साथ सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
—————









