सदर अस्पताल को मिली पांच नई एंबुलेंस
सदर अस्पताल को मिली पांच नई एंबुलेंस
पूर्वी सिंहभूम, 13 मई (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। जमशेदपुर के परसूडीह स्थित सदर अस्पताल को यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से मंगलवार को पांच अत्याधुनिक एंबुलेंस प्रदान की गईं।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा, साक्षरता और निबंधन विभाग के मंत्री रामदास सोरेन, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, पोटका के विधायक संजीव सरदार, जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू, जिले के उपायुक्त अनन्य मित्तल, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू और उपाध्यक्ष पंकज उपस्थित रहे। सभी विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया।
मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार हैं। यूसीआईएल द्वारा दी गई ये एंबुलेंस न सिर्फ आपातकालीन सेवाओं को मजबूती देंगी, बल्कि ग्रामीण एवं दूरवर्ती क्षेत्रों तक त्वरित चिकित्सा सुविधा पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
इस कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डीआरसीएचओ डॉ. रंजीत पांडा सहित अन्य चिकित्सक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि यह कदम जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और सशक्त बनाएगा।
—————









