फतेहाबाद: मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग ने पकड़ा जोर, कई संस्थाओं ने सौंपे ज्ञापन
फतेहाबाद: मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग ने पकड़ा जोर, कई संस्थाओं ने सौंपे ज्ञापन
फतेहाबाद, 14 मई (हि.स.)। फतेहाबाद शहर से टोहाना शिफ्ट हुए मेडिकल कॉलेज को एक बार फिर फतेहाबाद में बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसको लेकर बुधवार को शहर की अनेक सामाजिक संस्थाओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बीते दिनों हुई मुलाकात में फतेहाबाद बीजेपी के जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने मेडिकल कॉलेज का निर्माण फतेहाबाद शहर के निर्माणाधीन नए सरकारी अस्पताल के साथ खाली पड़ी जमीन पर किए जाने की मांग उठाई थी। उसके बाद से फतेहाबाद की अनेक मुख्य सामाजिक संस्थाओं ने जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मांग पत्र भेजना शुरू कर दिये हैं।इसी कड़ी में आज फतेहाबाद की अग्रवाल सभा, सेवा भारती संस्था व पंचनद स्मारक ट्रस्ट के प्रतिनिधि मंडल ने भी बीजेपी जिला कार्यालय में पहुंचकर जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा को मांग पत्र सौंपे। इससे पहले श्री राम कृष्ण गौशाला सेवा समिति चेरिटेबल ट्रस्ट, श्री बाला जी रोटी बैंक एवं चेरिटेबल ट्रस्ट, सिटी वेल्फेयर क्लब, ऑल इंडिया अरोड़ा खत्री पंजाबी कम्युनिटी ने भी उक्त मांग का समर्थन करते हुए ज्ञापन जिलाध्यक्ष को सौंपे थे। जिला परिषद की चेयरपर्सन एडवोकेट सुमन खिचड़ ने अपने सदस्यों सहित भी उक्त मांग को पुरजोर ढंग से उठाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी भेजा। मेडिकल कॉलेज के मुद्दों पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को विश्वास दिलाया कि उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक अवश्य पहुंचाया जाएगा। फतेहाबाद क्षेत्र के विकास के लिए नायब सिंह सैनी की सरकार तत्पर है। बता दें कि बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने सीएम से मुलाकात में कहा था कि फतेहाबाद मुख्यालय में 200 बैड के निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल के साथ खाली पड़ी जमीन पर ही मेडिकल कॉलेज बनवाया जाएगा। ऐसा करने से सरकार का बहुत सारा पैसा बचेगा तथा आसपास की आबादी को लाभ पहुंचेगा तथा रोजगार के संसाधन भी बढ़ेेंगे।









