फतेहाबाद में सीवरेज समस्या के विराेध में आमरण अनशन पर बैठा पार्षद
फतेहाबाद में सीवरेज समस्या के विराेध में आमरण अनशन पर बैठा पार्षद
एसडीओ के लिखित आश्वासन पर किया स्थगितफतेहाबाद, 26 मई (हि.स.)। शहर के माजरा रोड अशोक नगर क्षेत्र में पानी और सीवरेज समस्या से खफा वार्ड पार्षद सुभाष नायक ने सोमवार को भट्टू रोड स्थित जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर आमरण अनशन शुरू कर दिया। पार्षद ने कहा कि जब तक उनके वॉर्ड में सीवरेज जाम की समस्या का समाधान नहीं होगा वह इस धरने से खड़े नहीं होंगे। उनका धरना दिन और रात यहां पर जारी रहेगा। सुभाष नायक का साथ देने के लिए पार्षद प्रतिनिधि हंसराज योगी, पार्षद मोहनलाल नारंग व अन्य पार्षद भी जन स्वास्थ्य विभाग में पहुंचे व धरने पर बैठे। पार्षद का साथ देने के लिए अशोक नगर इलाके के लोग भी धरने पर बैठे। इस दौरान कुछ देर के लिए विभाग के एसडीओ सतपाल रोज भी उनके पास बैठे। एसडीओ सतपाल रोज ने पार्षद को लिखित आश्वासन दिया जिसके बाद उन्होंने अपना आमरण अनशन खत्म किया। साथ ही पार्षद सुभाष नायक ने कहा कि यह अनशन अभी स्थगित किया है, खत्म नहीं किया। यदि मांगे नहीं मानी जाती तो फिर से बड़े स्तर पर आमरण अनशन किया जाएगा। धरने पर बैठे सुभाष नायक ने कहा कि जब तक उनके वार्ड में सीवर समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक वह नहीं मानेंगे। अगर प्रशासन चाहे तो एक दिन में उनकी समस्या का समाधान हो सकता है। उनके वार्डवासी सीवर समस्या से जूझ रहे हैं। पीने का पर्याप्त पानी नहीं आता है। बता दें कि शनिवार को पार्षद सुभाष नायक ने चेतावनी दी थी कि वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं होने से परेशान होकर वह सोमवार को आमरण अनशन शुरू कर देंगे। पार्षद सुभाष ने बताया कि पिछले एक साल से उनके वार्ड की यह सडक़ बदहाल है और जुलाई 2024 से सीवरेज लाइन पूरी तरह बंद है। इसके कारण सडक़ पर गंदा पानी जमा हो रहा है और बदबू फैल रही है। लोगों का अपने घरों में बैठना तक दूभर हो गया है। पार्षद ने कहा कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग में 20 से अधिक ऑनलाइन शिकायतें दर्ज की हैं और कई बार विभाग के दफ्तर जाकर अधिकारियों से अपील भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ब्रह्मकुमारी आश्रम रोड, जो माजरा रोड और अशोक नगर मोहल्ले से होकर नेशनल हाईवे तक जाती है, पर जमा गंदा पानी न केवल बदबू का कारण बन रहा है, बल्कि वाहन चालकों के लिए भी खतरा बना हुआ है। कई लोग सडक़ पर फिसलकर चोटिल हो चुके हैं।









