भारतीय सेना की सफलता के लिए बागबान महिला संगठन ने की महादेव की आरती

भारतीय सेना की सफलता के लिए “बागबान” महिला संगठन ने की महादेव की आरती

वाराणसी, 14 मई (हि.स.)। “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता और भारतीय सेना के अदम्य साहस को नमन करने के साथ उनका मनोबल बढ़ाने के लिए महिला संगठन भी एकजुट है। बुधवार को वाराणसी की सिंधी महिलाओं ने एक विशेष आयोजन कर देश के वीर जवानों के शौर्य को सलाम किया और उनका मनोबल बढ़ाया। सिंधी महिलाओं के संगठन ‘बागबान’ की पहल पर महमूरगंज स्थित एक होटल परिसर के शिव मंदिर में

महिलाओं ने सीमा पर भारतीय फौज की कुशलता और उनकी सफ़लता के लिए सिन्दूर दान कर महाआरती की। इसके बाद राहगीरों में शरबत का प्रसाद वितरण किया।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष पूजा लखमानी ने बताया कि पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे आतंकवाद और सीमा पर लगातार बने तनावपूर्ण माहौल के बीच भारतीय सेना के जवान पूरी दृढ़ता से देश की रक्षा कर रहे हैं। इन वीर जवानों के उत्साहवर्धन और उनकी सफलता की प्रार्थना के लिए हम महिलाओं ने भगवान शिव को सिंदूर अर्पित कर विशेष पूजा अर्चना की। पूजा लखमानी ने कहा, “हमने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की है कि वह हमारे सैनिकों काे दीर्घायु करें और उनकी पत्नियों के सुहाग की रक्षा करें। जिनके पति देश की रक्षा में दिन-रात लगे हुए हैं। यह सिंदूर हमारी बहनों की आशा, शक्ति और विश्वास का प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के जरिए एक संदेश भी है कि देश की महिलाएं भी हर परिस्थिति में राष्ट्र के साथ खड़ी हैं। महाआरती के पश्चात, संगठन की महिलाओं ने राहगीरों को शरबत और प्रसाद वितरित कर सेवा भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन संस्था की सचिव वर्षा बढ़ानी और कोषाध्यक्ष अमीषा रुपानी ने किया। कार्यक्रम में मधु डोडवानी, पायल राजवानी, वर्षा लालवानी सहित कई अन्य सदस्याओं ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

—————