ऑपरेशन सिंदूर से भारत की विश्वभर में गरिमा बढ़ी, सेना के शौर्य पर देश को नाज- राज्यपाल

ऑपरेशन सिंदूर से भारत की विश्वभर में गरिमा बढ़ी, सेना के शौर्य पर देश को नाज- राज्यपाल

जयपुर, 26 मई (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि शिक्षा जीवन को गढ़ती है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की शिक्षा प्रसार में महती भूमिका है। वे राष्ट्रोथान में सहभागी बनते गुणात्मक शिक्षा के प्रसार के संवाहक बने।

राज्यपाल बागडे सोमवार को अपेक्स यूनिवर्सिटी के तृतीय दीक्षांत समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत पश्चिम के ज्ञान से आरंभ से ही बहुत आगे रहा है। पर अंग्रेजी शिक्षा पद्धति ने हमे हमारे ज्ञान से निरंतर दूर किया है। उन्होंने भास्कराचार्य की चर्चा करते हुए कहा कि गुरुत्वाकर्षण के सिद्धांत के बारे में न्यूटन से पहले उन्होंने बता दिया था। उन्होंने कहा कि भारत ने ही दशमलव का ज्ञान पूरे विश्व को दिया। इसी से संसार को गिनती आई।

राज्यपाल ने नई शिक्षा नीति को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह भारतीयता से ओतप्रोत संस्कारमय समाज का निर्माण करने वाली है। उन्होंने विश्वविद्यालय में शिक्षकों को आदर्श आचरण के साथ नवीनतम ज्ञान से अपडेट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय में प्राप्त ज्ञान और शिक्षा का उपयोग ‘विकसित भारत’ के लिए करें। राज्यपाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमारे देश ने विश्वभर को यह बता दिया है कि दृढ़ इच्छा शक्ति, से भारत ने पूर्ण युद्ध छेड़े बिना ही आतंकवाद पर सीधे प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि इससे पूरी दुनिया में भारत की साख बढ़ी है। हम सभी को मां भारती और हमारी सेना पर गर्व है। इससे पहले राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को डिग्री और पदक प्रदान किए।

—————