अप्पे के धक्के से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

अप्पे के धक्के से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

मीरजापुर, 20 मई (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के ओड़ी-भभौरा संपर्क मार्ग पर सोमवार रात लगभग नौ बजे एक सड़क हादसे में भदावल गांव निवासी राजू पटेल (30) की मौत हो गई। हादसा ओड़ी गांव के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार अप्पे वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

राजू पटेल अपनी बाइक से लोढ़वा गांव में एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह ओड़ी गांव के पास बिक्सी माइनर के पुल के चौराहे पर पहुंचे, गोगहरा की ओर से आ रहे अप्पे टेम्पू ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी केंद्र जमालपुर लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन के अनुसार, राजू पटेल चंडीगढ़ की एक लिमिटेड कंपनी में वर्क फ्रॉम होम करते थे और घर की जिम्मेदारी अकेले उठाते थे।

थाना प्रभारी विजय कुमार सरोज ने बताया कि हादसे के बाद अप्पे वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।