सुप्रीम कोर्ट ने खेल संघों के मामलों की विस्तृत जांच के लिए आयोग गठित करने के दिए संकेत
सुप्रीम कोर्ट ने खेल संघों के मामलों की विस्तृत जांच के लिए आयोग गठित करने के दिए संकेत
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट ने देश के खेल संघों के मामलों की विस्तृत जांच के लिए जांच आयोग गठित करने का संकेत दिया है। जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि खेल संघों में खेल की गतिविधियों के अलावा हर तरह की चीजें हो रही हैं।
दरअसल, दो महिला कबड्डी खिलाड़ियों प्रियंका और पूजा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया और इंटरनेशनल कबड्डी फेडरेशन के मामलों की सीबीआई जांच की मांग की है। याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील गोपाल शंकरनारायण ने अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया की मान्यता बहाल करने की मांग की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि हम कबड्डी संघों के मामलों की गहन जांच के लिए जांच आयोग गठित करने के पक्ष में हैं। इसके बाद हम जांच आयोग का दायरा दूसरे खेल संघों तक बढ़ा सकते हैं।
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश एएसजी केएम नटराज ने कहा कि कोर्ट के 4 फरवरी के आदेश के बाद खिलाड़ियों को ईरान भेजा गया था, जहां उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। नटराज ने कहा कि सीबीआई जांच की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कोर्ट से इसके लिए दो हफ्ते का समय मांगा। तब कोर्ट ने कहा कि वो सभी राज्यों के खेल संघों की जांच करने का आदेश दे सकता है और अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें भंग भी किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/संजय









