अतिक्रमण अभियान में तोड़ी गई शिव मंदिर की बाउंड्री, सड़क जाम कर प्रदर्शन
अतिक्रमण अभियान में तोड़ी गई शिव मंदिर की बाउंड्री, सड़क जाम कर प्रदर्शन
पलामू, 19 दिसंबर (हि.स.)।नगर निगम के द्वारा इन दिनों लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को भी अतिक्रमण हटाया गया, जिसकी शुरुआत बड़ी मस्जिद रोड से हुई। थाना रोड, सदर अस्पताल चौक, साहित्य समाज चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। इस क्रम में साहित्य समाज चौक के पास संस्कृत विद्यालय के सामने प्राचीन शिव मंदिर की बाउंड्री तोड़े जाने पर स्थानीय हिन्दूवादी युवा भड़क गए हैं एवं सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। साहित्य समाज चौक जाने वाली सड़क जाम है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार एवं अन्य पुलिसकर्मी आन्दोलनकारी युवाओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सारे लोग नगर आयुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शनकारी नगर आयुक्त को माफी मांगने, नये सिरे से मंदिर की बाउंड्री बनाने की भी मांग पर अड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार गुरूवार शाम चार बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए नगर निगम के कर्मी साहित्य समाज चौक की ओर जा रहे थे। रास्ते में संस्कृत विद्यालय के सामने प्राचीन शिव मंदिर की बाउंड्री को जीएम लैंड बताते हुए तोड़ दिया। सूचना मिलते ही शाम पांच बजे से स्थानीय हिन्दूवादी युवा सड़क पर उतर आए एवं मुख्य सड़क को जाम कर दिया। जाम में श्रीराम सेना के राज्य प्रमुख पंकज जायसवाल समेत सैकड़ो युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है। खबर लिखे खाने तक सड़क जाम है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान से शहर के लोग गुस्से में हैं। बुधवार को अभियान के दौरान पंचमुहान के समीप स्थानीय लोगों ने नगर निगम मुर्दाबाद के नारे लगाए थे। आज मंदिर की चाहरदीवारी तोड़े जाने से लोगों का आक्रोश ज्यादा बढ़ गया है।
—————









