विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने 119 प्राथमिक शिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने 119 प्राथमिक शिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून, 7 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य के विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने सोमवार को विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न जनपदों के 119 प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्र के विद्यालयों में तैनाती दी गई है।

सोमवार को एससीईआरटी सभागार में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार को अपने नौनिहालों की चिंता है। उन्हें अच्छी तालीम मिले, इसके लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने इसी वर्ष प्राथमिक शिक्षकों के 2906 रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया था। जिस पर शीघ्रता से कार्यवाही की गई और अब तक तीन चरणों की काउंसलिंग के उपरांत 1840 शिक्षकों को नियुक्ति दे दी गई है। जिसमें प्रथम चरण में 477, द्वितीय चरण में 899 तथा तृतीय चरण में 464 शिक्षक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि तीसरे चरण की काउंसलिंग में चयनित शिक्षकों में से 119 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंप दिये गये हैं। जिसमें देहरादून जनपद के सात, हरिद्वार आठ, टिहरी 26 और उत्तरकाशी के 78 शिक्षक शामिल हैं। शेष अन्य चयनित शिक्षकों को जनपद स्तर पर आयोजित समारोह में नियुक्ति पत्र सौंपे जायेंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को शीघ्र ही अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

विभागीय मंत्री ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि सभी लोग डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त है और अब विद्यालयों में जाकर पूर्ण मनोयोग से बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को बनाये रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एनईपी-2020 की अवधारणा के अनुरूप बच्चों का समग्र विकास हो सके।

इस अवसर पर विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा झरना कमठान, निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्ब्याल, निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा आर.के. उनियाल,निदेशक माध्यमिक शिक्षा लीलाधर ब्यास, समस्त अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, उप निदेशक और अन्य विभागीय अधिकारी व नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले नव नियुक्त शिक्षक उपस्थित रहे।