फतेहाबाद: विदेश भेजने के नाम पर दो युवकों से ठगी

फतेहाबाद: विदेश भेजने के नाम पर दो युवकों से ठगी

मलेशिया में गुरूद्वारे की संगत के सहयोग से बचे दोनों युवक

फतेहाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। विदेश भेजने के नाम पर रतिया के दो युवकों से लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी दोनों युवकों को पहले दुबई और फिर मलेशिया में फंसा दिया। मलेशिया में गुरूद्वारे की संगत ने दोनों युवकों के पासपोर्ट दिलवाकर उन्हें वापस इंडिया भेजा। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव लाली निवासी परमानंद ने कहा कि वह अपने लडक़े मिट्ठू को विदेश का वर्क वीजा लगवाकर जर्मन भेजना चाहता था। इस पर उसने एजेंट संदीप कुमार से बात की। संदीप ने 15 दिन में वर्क वीजा लगवाकर उसके लडक़े को जर्मन भेजने की बात कही और इस पर 13 लाख 50 हजार का खर्च बताया। संदीप ने बताया कि इस काम में उसके साथ उसकी पत्नी पूजा, उसका साला रवि व अन्य पार्टनर प्रदीप व विकास चन्द्र हाल्टर उफ विक्की भी है। वे सभी मिलकर लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि गांव अलीका निवासी दविन्द्र पुत्र भजन सिंह भी मिट्ठू के साथ जर्मन जाना चाहता है। इसके बाद उन्होंने मिट्ठू व दविन्द्र दोनों के कागजात आरोपियों को सौंप दिए।

कुछ दिन बाद संदीप ने उन्हें फोन कर बताया कि उनका स्पेन, यूरोप का वर्क वीजा लग चुका है और दोनों ने 22 अगस्त 2023 को जाना है। इसके बाद संदीप ने दुबई की डुप्लीकेट टिकट भेज दी और कहा कि उनका दुबई में कुछ समय का ही स्टे है। इसके बाद दोनों 22 मार्च 2024 को दिल्ली चले गए, जहां संदीप ने उन्हें दुबई की फ्लाइट में बिठा दिया। इसके बाद जब वह दुबई पहुंचे तो वहां प्रदीप व विक्की ने उन्हें एक होटल में छोड़ दिया और कहा कि 3-4 दिन बाद उनकी स्पेन की फ्लाइट है। 20-22 दिन बाद भी जब उन्हें दुबई से स्पेन नहीं भेजा गया तो उन्होंने प्रदीप व विक्की से पूछा तो उन्होंने कहा कि पहले वह पैसे दें, उसके बाद ही उन्हें स्पेन भेजेंगे। इसके बाद मिट्ठू व दविन्द्र ने 2-2 हजार यूरो उन्हें दे दिए। इसके बाद उक्त दोनों युवकों ने मिट्ठू व दविन्द्र को इजिप्ट भेज दिया। करीब एक माह बाद संदीप भी इनके पास आया और कहा कि अगर उन्हें स्पेन जाना है तो ओर पैसे देने होंगे।

इस पर मिट्ठू व दविन्द्र ने घर पर फोन कर बताया, जिसके बाद परिजनों ने 6 लाख रुपये संदीप के खाते में डाल दिए। इसके बाद संदीप ने स्पेन का वर्क वीजा लगने और उसकी टिकट के लिए 3 लाख रुपये मांगे। इसके बाद उन्होंने 1 लाख 50 हजार रुपये उसे दे दिए। इसके बाद भी संदीप ने उन्हें स्पेन नहीं भेजा और दोनों लडक़ों का वीजा खत्म होने पर दोनों वापस इंडिया आ गए। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने दोबारा फाइल लगाने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने मिट्ठू व दविन्द्र को यूरोप के बलगोरिया का वीजा लगवाया और उन्हें बैंगलोर से बलबोरियां की जगह मलेशिया भेज दिया। वहां पहुंचने पर प्रदीप व विक्की ने फिर उनसे 2-2 लाख रुपये मांगे और पैसे न देने पर उनके पासपोर्ट लेकर उन्हें वहीं छोडक़र चले गए।

बाद में दोनों युवक होटल छोडक़र वहां के गुरूद्वारे में चले गए और गुरूद्वारे में संगत को पूरी कहानी बताई। इसके बाद संगत के कहने पर मिट्ठू व दविन्द्र ने दोनों युवकों को पैसे ले जाने के बहाने गुरूद्वारे बुला लिया। इसके बाद संगत ने दोनों युवकों को पकडक़र उनसे मिट्ठू व दविन्द्र के पासपोर्ट वापस दिलवाए और उनकी इंडिया की टिकट करवाकर वापस भेज दिया। यहां पहुंचकर उन्होंने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।