भ्रमित करने का कीर्तिमान स्थापित कर रही हेमंत सरकार : सुदेश महतो

भ्रमित करने का कीर्तिमान स्थापित कर रही हेमंत सरकार : सुदेश महतो

सुदेश महतो ने गोमिया और डुमरी में अपना आजसू 24×7 सेवा केंद्र का किया शुभारंभ

बोकारो, 2 अक्टूबर (हि.स.)। आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि हेमंत सरकार पिछले पांच वर्षों से जनाकांक्षाओं के विपरीत भ्रमित करने का कीर्तिमान स्थापित कर रही है। सरकार का उद्देश्य जनता की आवश्यकताओं को समझते हुए उनके जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में काम करना होता है लेकिन यह सरकार अपने ही लोगों को ठगने में लगी है। झूठ की बुनियाद पर खड़ी सरकार से जनता परेशान है और बदलाव चाहती है।

सुदेश महतो ने गोमिया विधानसभा में बुधवार काे आयोजित झारखंड नवनिर्माण यात्रा के दौरान बाेल रहे थे। यात्रा गोमिया हाई स्कूल से 1-बी मार्केट से स्वांग डीएवी स्कूल तक निकाली गई। आजसू पार्टी द्वारा इस यात्रा का आयोजन आने वाले दिनों में राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि जेएमएम और कांग्रेस के झूठ, वादाखिलाफी और चरित्र का वास्तविक चेहरा बेनकाब हो चुका है। जनता अब इनके झूठे वादों के भ्रमजाल में फंसने वाली नहीं है। इनके कार्यकाल में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो गया है।

महतो ने कहा कि राज्य का सर्वांगीण विकास आजसू पार्टी का लक्ष्य है। समाज के हर वर्ग के साथ और विश्वास से हम शहीदों के सपनों का झारखंड बनाएंगे। बेरोजगारी और पलायन का दंश झेल रहे राज्य के युवाओं को अपनी माटी में ही रोजगार उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता। पार्टी अध्यक्ष ने डुमरी विधानसभा क्षेत्र के इसरी बाजार और गोमिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पेटरवार में अपना आजसू 24×7 सेवा केंद्र की शुरुआत की।

महतो ने कहा कि हेमंत सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के जनसेवा के आचरण को बदल दिया है। कार्यालयों में बिचौलिये हावी हैं, जिससे आम जनता त्रस्त है। आज उनकी समस्याओं को समझने और सुलझाने वाला कोई नहीं है। क्षेत्र की जनता की हर समस्या का समाधान करने के प्रयास का नाम है अपना आजसू 24×7 सेवा केंद्र। यह सेवा केंद्र लोगों की सेवा के लिए 24 घंटे सातों दिन उपलब्ध होगा। केंद्र के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके साथ ही भौतिक रूप में केंद्र में पहुँचकर भी लोग अपनी समस्याओं को यहां रजिस्टर करवा सकते हैं। यह समस्याएं निजी और सामाजिक दोनों तरह की हो सकती हैं।

गांधी जी के सिद्धांत मानवता, अहिंसा, सत्य और सामाजिक न्याय पर आधारित

सुदेश महतो ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर दोनों महानुभावों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर उन्होंने कहा कि गांधी जी के सिद्धांत मानवता, अहिंसा, सत्य और सामाजिक न्याय पर आधारित है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके दिखाए गए रास्ते पर चल कर हम एक बेहतर और विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। विकास की उनकी अवधारणा में गांवों का स्थान सर्वोपरि था। उनका मानना था कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और यदि भारत को सशक्त बनाना है, तो गांवों का विकास अनिवार्य है। हमारा प्रयास उनकी सोच को धरातल पर उतरना है। गांवों का विकास हमेशा हमारी प्राथमिकता रही है। वास्तविक स्वराज तभी संभव है जब हर गांव स्वशासन के सिद्धांतों पर आधारित हो।

महतो ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने अपनी सादगी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प से देश की सेवा की। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक था। उन्होंने “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर देश के सैनिकों और किसानों को एक साथ सम्मानित किया और उनके महत्व को रेखांकित किया। उनकी ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता और देशभक्ति को याद करते हुए हम उनके योगदान को नमन करते हैं और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेते हैं।

—————