फतेहाबाद : नशे ने ली एक ओर युवक की जान, परिजनों ने किया रोड जाम
फतेहाबाद : नशे ने ली एक ओर युवक की जान, परिजनों ने किया रोड जाम
फतेहाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के रतिया क्षेत्र के गांव मिराना में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का समाचार है। युवक की मौत का कारण चिट्टे का अधिक सेवन करना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान गांव मिराना निवासी सुखदेव के रूप में हुई है। युवक की मौत से गुस्साएं परिजनों ने शुक्रवार को रतिया के बुढलाड़ा रोड पर हस्पताल के आगे जाम लगा दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने गांव में नशा बेचने वाले युवक की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। जाम के कारण सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही डीएसपी रतिया व शहर थाना प्रभारी रंजीत सिंह मौके पर पहुंचे वह परिजनों को समझा कर जाम खुलवाया। जाम लगने वाले गांव मिराना के लोगों व मृतक युवक के परिजनों ने कहा कि सुखदेव सिंह कुछ समय से गांव आलूपुर में काम करता था। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव का सुरजीत गांव में नशा बेचने का काम करता है। सुखदेव सिंह के नशे का ज्यादा सेवन करने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि जब वह सुखदेव को रतिया हस्पताल में लेकर गए तो उसकी मौत हो चुकी थी। सुखदेव सिंह की मौत से गुस्साए उसके परिजनों ने आज नागरिक अस्पताल के बाहर बुढलाडा रोड पर जाम लगा दिया। परिजनों ने कहा कि जब तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक हम सुखदेव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मौके पर पहुंचे शहर डीएसपी रतिया व थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने परिजनों को समझ कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।









