जनता नहीं चाहती है, तो नहीं बनेगी सेंट्रल लाइब्रेरी: कोचे मुंडा

जनता नहीं चाहती है, तो नहीं बनेगी सेंट्रल लाइब्रेरी: कोचे मुंडा

-तोरपा के ऐतिहासिक श्रीजगन्नाथ मंदिर के सामने बन रहे केंद्रीय पुस्तकालय का विरोध

खूंटी, 20 सितंबर (हि.स.)। तोरपा थाना क्षेत्र के कोटेंगसेरा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर के सामने बनने वाले केंद्रीय पुस्तकालय को किसी भी हाल में बनने नहीं दिया जायेगा। यह कहना था स्थानीय नागरिकों का। उनका कहना था कि यह मंदिर पाच सौ साल से भी पुराना है और सदियों से वहां रथ यात्रा का आयोजन होता आ रहा है। यदि सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण हो जाता है, तो मंदिर का अस्तित्व पर संकट आ जायेगा।

मामले की जानकारी मिलने पर तोरपा के विधायक कोचे मुंडा शुक्रवार की शाम को निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। ग्रामीणों की बात सुनकर विधायक ने कहा कि यदि जनता नहीं चाहती है, तो पुस्तकालय का निर्माण नहीं होगा। विधायक ने कहा कि जिस स्थान पर पुस्तकालय का निर्माण कराया जायेगा, वो किसी भी दृष्टि से सही नहीं है। वहां पुस्तकालय का निर्माण हो जायेगा, तो रथ यात्रा कहां से निकलेगी और मेला कहां लगेगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शुरू करने के पहले प्रशासन को सभी पहलुओं से अवगत होना चाहिए लेकिन किसी अधिकारी ने स्थल तक का निरीक्षण नहीं किया और ग्रामीणों के विरोध के बावजूद ठेकेदार द्वारा काम शुरू कर दिया गया।

इस संबंध में कांटेंगसेरा के समाजसेवी वीरेंद्र उयादव नीलांबर यादव सहित कई लोगों ने कहा कि यह स्थल काफी ऐतिहासिक और पांच सौ वर्षो से यहा रथ यात्रा का आयोजन होता आया है। इसलिए इसका नाम ही रथ टोंगरी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय पुस्तकालय का निर्माण किसी दूसरे स्थान पर कराने की मांग को लेकर जिले के उपायुक्त सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपा गया लेकिन उनकी मांगे अनसुनी कर दी गई और ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया।

—————