बाईक चोर गिरोह के दो सदस्य पुलिस की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर हुए फरार, एक आराेपित गिरफ्तार

बाईक चोर गिरोह के दो सदस्य पुलिस की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर हुए फरार, एक आराेपित गिरफ्तार

जगदलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय जेल जगदलपुर से बाईक चोर गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस वाहन से दंतेवाड़ा न्यायालय पेशी ले जाया गया था। कोर्ट पेशी उपरांत पुलिस वाहन से वापस आते समय बाईक चोर गिरोह के सरगना समीर खान और उसके सगे भाई अनाश खान ने वाहन में उनके साथ बैठे पुलिस गार्ड प्रधान आरक्षक 998 संतोष कुमार कश्यप, आरक्षक क्रं.-1031 रूपेश मरकाम, आरक्षक क्रं.-881 चन्द्रेश्वर राम पैकरा, डीएसएफ. आरक्षक क्रं.-4061 मुकेश कुमार जांगडे़ की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उन पर हमला कर दिया और पुलिस वाहन के दरवाजा को लात से तोड़कर दोनों भाई वाहन से कुदकर भाग गये। कन्ट्रोल के माध्यम से तत्काल सूचना मिलने पर आस-पास के थानों से बल को मंगाकर उनके भागने वाली दिशा को घेरा बंदी किया गया। पुलिस की तत्परता से समीर खान को पकड़ लिया गया है, समीर खान का भाई अनाश खान भागने में सफल रहा है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। दोनों आरोपीयों के विरूद्ध अपराध सदर धारा 262,221,121 (1), 324 (3) बीएनएस का अपराध दर्ज कर पकड़े गये गिरोह के सरगना समीर खान को आज मंगलवार काे पुनः रिमाण्ड लेकर जेल दाखिल कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डेढ़ महीने पहले 23 बाइक चोरी के आरोप में बस्तर पुलिस ने दोनों आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद सोमवार को उन्हें पेशी के लिए दंतेवाड़ा कोर्ट ले जाया गया था, जहां से वापसी के दौरान आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना के बाद से पुलिस अधिकारियों के द्वारा अलग-अलग टीम तैनात की गई है। जहां आरोपियों की खोजबीन की जा रही है, फिलहाल खेतों से लेकर आने जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बस्तर संभाग से अब तक कैदियों के भागने के जितने भी मामले देखे है वे सभी कैदी अस्पताल के बाथरूम या फिर बिस्तर से हथकड़ी को खोलकर फरार हुए हैं, यह पहला मामला है जब आरोपियों ने जवानों की आंख में मिर्च पाउडर फेंका है। प्रश्न यह खाड़ा हाेता है कि आराेपियाें के पास मिर्च पाउडर कहां से आया? क्या किसी ने इन्हें कोर्ट में ही मिर्च पाउडर उपलब्ध करवाया था? या फिर कहीं होटल या किराने की दुकान में ये रुके हों और वहां से इन्होंने चुपके से खरीद लिया हो? फिलहाल यह जांच का विषय है।

—————