फतेहाबाद में पीओ-एपीओ का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, ईवीएम व वीवीपैट संचालन की दी ट्रेनिंग

फतेहाबाद में पीओ-एपीओ का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, ईवीएम व वीवीपैट संचालन की दी ट्रेनिंग

फतेहाबाद, 13 सितंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को डीपीआरसी भवन में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने पीठासीन और वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनरों द्वारा पीठासीन और सहायक पीठासीन अधिकारियों को ईवीएम व वीवीपैट की संपूर्ण प्रक्रिया बारे बारीकी से जानकारी दी गई। इसमें ईवीएम और वीवीपैट मशीन को चलाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें मतदान के दिन किस तरह से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का इस्तेमाल करना है, किस तरह से पोलिंग एजेंट्स की मौजूदगी में मॉक पोल करना है, आदि गतिविधियों की जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने पीठासीन और सहायक पीठासीन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण सम्पन्न करवाने में पीठासीन अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, इसलिए अधिकारी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं स्वतंत्र रूप से करवाने के लिए आपसी तालमेल बनाए और अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से पालन करें। उन्होंने कहा कि मतदान करवाना बहुत ही संवेदनशील व जिम्मेदारी का काम है और पीठासीन और वैकल्पिक पीठासीन अधिकारियों को यह कार्य पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव करवाना भी देश सेवा है और संबंधित अधिकारी इस सेवा का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करें।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा पीठासीन अधिकारियों के कार्यों को लेकर हैंडबुक तैयार की गई है। मतदान से पहले सभी पीठासीन अधिकारी इस हैंडबुक का अच्छी तरह अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदान की गोपनीयता भंग नहीं होनी चाहिए। पोलिंग पार्टियों को मिलने वाली ईवीएम मशीन किसी भी हालत में निजी स्थान पर नहीं रखी जाएंगी। उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि मतदान के दिन सबसे पहले पोलिंग एजेंट्स की उपस्थिति में मॉक पोल अवश्य कराए। अगर पोलिंग एजेंटस समय पर न पहुंचे तो सुपरवाइजर्स व केंद्र पर पहुंचे मतदाता की उपस्थिति में अवश्य कराया जाए। उपायुक्त ने कहा कि चुनाव डयूटी पर तैनात प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी न केवल चुनाव को निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न करवाए बल्कि उनके व्यवहार में भी निष्पक्षता नजर आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में मतदान डयूटी पर तैनात किसी भी कर्मचारी की छोटी सी लापरवाही पूरे चुनाव को प्रभावित करती है इसलिए चुनाव से जुड़े सभी नियमों का गहनता से अध्ययन कर लें और जहां कही संदेह है उसके बारे में वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर लें।