फतेहाबाद: सर्व कर्मचारी संघ ने कांग्रेस प्रत्याशी को दिया मांग पत्र
फतेहाबाद: सर्व कर्मचारी संघ ने कांग्रेस प्रत्याशी को दिया मांग पत्र
फतेहाबाद, 26 सितंबर (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ द्वारा विधानसभा का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को 15 सूत्रीय मांग पत्र गुरुवार काे रतिया विधानसभा क्षेत्र से कांंग्रेस प्रत्याशी जरनैल सिंह को ज्ञापन दिया। उन्होंने इस ज्ञापन पर सहमति प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर कर्मचारियों की तमाम मांगो का समाधान किया जाएगा।
सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान देवीलाल व सचिव मलकीत सिंह ने बताया कि पिछले 10सालों से सर्व कर्मचारी संघ कर्मचारियों की मांगों के लिए आन्दोलनरत रहा हैं। बीजेपी सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को बातचीत से हल करने की बजाए दमनकारी तरीके से उत्पीडऩ करने का काम किया है। कोर्ट का बहाना बनाकर निर्दोष ड्राइंग व पीटीआई को सेवाओं से मुक्त कर दिया। 3सालों के संघर्ष के बाद उन्हें मौजूदा सरकार ने हरियाणा रोजगार कौशल निगम में नाममात्र वेतन पर रोजगार दिया। वेतन भी कई कई महीने तक नही मिलता हैं।
अब भी सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों को हल किए बिना चुनाव में चली गई जिसका सर्व कर्मचारी संघ पुरजोर विरोध करता हैं। 15सूत्री मांग पत्र में संघ ने मांग की है कि तमाम विभागों के गेस्ट, डेली वेज, एडहॉक, कच्चे कर्मचारी जिनकी सेवा दो वर्ष की हो चुकी हैं, उन्हें बिना शर्त पक्का किया जाए। पुरानी पेंशन बहाल की जाए। कौशल रोजगार निगम भंग किया जाए। स्कीम वर्कर व अलग अलग योजनाओं में लगे कर्मचारियों का न्यूनतम वेतनमान 26 हजार किया जाए। लिपिकों को 35400 का नोटिफिकेशन जारी किया जाए। खाली पड़े लाखों पदों पर बेरोजगारों को स्थायी रोजगार दिया जाए। सार्वजनिक महकमों का विस्तार किया जाए। आम जनता के लिए रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं का प्रबंध किया जाए। जन कल्याण की योजनाओं को लागू किया जाए। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ की टीम में रजवंत सिंह, सुदेश कुमारी, संतोष, गुरप्रीत प्रधान बिजली बोर्ड, रामकुमार सिंगला, मनोज कामरा कोषाध्यक्ष, गुरदीप, जगतार सिंह, गोबिंद, मुकेश व प्रेम शर्मा आदि मौजूद रहे।









