परिवर्तन रैली के नाम पर लोगों को बरगला रही है भाजपा : जुबैर अहमद
परिवर्तन रैली के नाम पर लोगों को बरगला रही है भाजपा : जुबैर अहमद
खूंटी, 20 सितंबर (हि.स.)। आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत 23 सितंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के तोरपा में होनेवाले कार्यक्रम को लेकर विचार विमर्श के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को तोरपा में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने की।
बैठक में कार्यक्रम में प्रत्येक गांव से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गयी। इसके लिए अलग-अलग प्रखंडों सहित जिले के पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेवारी दी गयी। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे गांव-गांव जाकर कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करें तथा लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दे। बैठक में.निर्णय लिया गया कि झामुमो कार्यकर्त्ता पूरे प्रखंड को पार्टी के झंडा-बैनर से पाट देंगे। कार्यक्रम के दिन झामुमो कार्यकर्ता हिल चौक तोरपा के पास जमा होंगें। वहां से पइका नृत्य दल के साथ जुलुस की शक्ल में कार्यक्रम स्थल एनएचपीसी मैदान पहुंचेंगे।
बैठक में जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अबुआ दिशुम में अबुआ राज का सपना साकार को रहा है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन स्वयं लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्या सुन रहा है तथा समस्या का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी तबके के लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवर्तन रैली के नाम पर लोगों को बरगला रही है।परन्तु यहां की जनता उनके झांसे में आनेवाली नहीं है।
—————









