झारखंड बंद का पलामू में आंशिक असर, रेडमा चौक से 150 आन्दोलनकारी गिरफ्तार

झारखंड बंद का पलामू में आंशिक असर, रेडमा चौक से 150 आन्दोलनकारी गिरफ्तार

पलामू, 11 सितंबर (हि.स.)। अलग राज्य के लिए आन्दोलन करने वाले आंदोलनकारियों के बुधवार को झारखंड बंद का पलामू जिले में आंशिक असर देखने को मिला। कुछ घंटे तक जिले के रेडमा सहित अन्य चौक चौराहों को जाम किया गया। हालांकि, इसी क्रम में सभी आंदोलनकारियों गिरफ्तार कर लिया गया।

झारखंड बंद को लेकर मेदिनीनगर के रेडमा चौक जाम कर प्रदर्शन कर रहे झारखंड आन्दोलनकारी संघर्ष मोर्चा के 150 कार्यकर्ताओं को शहर थाना पुलिस ने बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। करीब दो घंटे तक आंदोलनकारियों ने यहां प्रदर्शन किया। सभी को गिरफ्तार करने के बाद शहर थाना में रखा गया है। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर 11 सितंबर बुधवार को झारखंड बंद का आह्वान किया था। बंद के दौरान मेदिनीनगर रेडमा चौक एनएच 39 को सुबह 6 बजे से जाम कर दिया गया। लगभग पांच किलोमीटर तक सड़क जाम हो गई। इस दौरान स्कूल बस समेत मालवाहक एवं निजी वाहन फंसे रहे। सूचना के बाद मौक़े पर पहुंचे मेदिनीनगर सदर डीएसपी व थाना प्रभारी ने जाम हटाने का प्रयास किया। इस क्रम में आंदोलनकारियों के साथ उनकी नोक-झोंक हुई। बाद में सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। लगभग 150 आन्दोलनकारी को टाउन थाना में लाकर रखा गया।

आन्दोलन कर रहे मोर्चा के केंद्रीय संयोजक सतीश कुमार ने कहा कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था लेकिन पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने मांगों की जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड आन्दोलनकारियों को जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी को पेंशन 50 हजार दिया जाए, स्वतंत्रता सेनानियों जैसी सभी सुविधाएं मिले, जल, जगंल, जमीन पर जनता का अधिकार कायम हो समेत 10 सूत्री मांग शामिल हैं।

बंद कराने वालों में मोर्चा के प्रमंडलीय अध्यक्ष बिकेश शुक्ला, बाल किशुन उरांव, शंखनाथ सिंह, संतन मेहता, तुलसी शुक्ला, नलिन चन्द्र कुमार, प्रदीप सिन्हा, लव कुमार तिवारी, प्रमोद सोनी, वृजनन्दन मेहता, बिलंगना किंडो, संजय गुप्ता, सुलेमान अंसारी समेत अन्य आन्दोलनकारी शामिल हैं।

—————