जमीन लूट की सीबीआई जांच की मांग, आदिवासी संगठनों ने किया डीसी कार्यालय का घेराव
जमीन लूट की सीबीआई जांच की मांग, आदिवासी संगठनों ने किया डीसी कार्यालय का घेराव
खूंटी, 24 सितंबर (हि.स.)। आदिवासियों की धार्मिक, सांस्कृतिक और रैयती जमीन की लूट को अविलंब रोकने और जमीन लूट की जांच सीबीआई से कराने सहित अन्य मांगों को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों ने मंगलवार को खूंटी में रैली निकालकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। आदिवासी बचाओ अभियान के तहत डीएवी के समीप पतरा मैदान से निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में शामिल आदिवासी महिला-पुरुष अपने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां पकड़कर आदिवासी जमीन लूट के विरुद्ध नारेबाजी करते चल रहे थे।
उपायुक्त कार्यालय के समीप पहुंचकर रैली सभा में बदल गई। सभा को पूर्व मंत्री देव कुमार धान, पड़हा राजा सोमा मुंडा, अमृता मुंडा, बलकू उरांव, दुर्गावती ओड़ेया, सनिका भेंगरा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासियों की जमीन बचाओ को लेकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर विभिन्न आदिवासी सामाजिक धार्मिक संगठन गोलबंद हुए हैं। आदिवासी जमीन की लूट अब हरगिज नहीं होने देंगे। इस विषय पर सरकार अगर उचित कदम नहीं उठाती है, तो जोरदार आंदोलन चलाया जाएगा। बाद में उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम 31 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया।
—————









