भाकपा माओवादी का स्थापना सप्ताह 21 से, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया अलर्ट

भाकपा माओवादी का स्थापना सप्ताह 21 से, पुलिस मुख्यालय ने जारी किया अलर्ट

रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। भाकपा माओवादी 21 से 28 सितंबर तक स्‍थापना सप्‍ताह मनाएंगे। इसे लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने रविवार काे जिले के एसपी को अलर्ट किया है। राज्य के वैसे जिले, जहां नक्सलियों का प्रभाव ज्यादा है, वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया गया है कि सुरक्षा के लिहाज से सभी सुरक्षा कैंपों को विशेष अलर्ट पर रखा जाए। साथ ही वहां तैनात कर्मियों को भी सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए गए हैं। सीआरपीएफ, एसएसबी, जैप, आईआरबी समेत सभी सुरक्षाबलों को भी संभावित नक्सली हमलों को लेकर जानकारी देने का निर्देश जिलों के एसपी को दिया गया है।

साल 2004 में एमसीसी और पीपुल्स वॉर ग्रुप को मिलाकर भाकपा माओवादी का गठन किया गया था। एमसीसी और पीपुल्स वॉर ग्रुप का 21 सितंबर, 2004 को विलय हुआ था, जिसके बाद से माओवादी हर साल 21 से 28 सितंबर तक स्थापना सप्ताह मनाते हैं। स्थापना सप्ताह के दौरान माओवादी हिंसक घटनाओं को अंजाम देते हैं और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं।

—————