भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दीनदयाल की जयंती पर किया माल्यार्पण

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दीनदयाल की जयंती पर किया माल्यार्पण

रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें माल्यार्पण किया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमें पंडित जी के बताएं मार्ग पर चलना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मरांडी ने कहा कि उन्हीं की परिकल्पना अंत्योदय है यानी जो विकास के अंतिम पड़ाव पर खड़ा है। उनका स्पष्ट मानना था कि जब तक अंतिम व्यक्ति का विकास नहीं होगा तब तक हम भारत में मानव जीवन के विकास को विकसित नहीं मान सकते हैं। पंडित जी के बताएं मार्ग के अनुसार नरेन्द्र मोदी सरकार में विकास गांव, गरीब, किसान से शुरू हो रहा है। गांव को सड़कों से जोड़ा जा रहा है। घरों तक बिजली पहुंचाई गई है। कोई भूखे नहीं रहे, इसकी भी चिंता की गई।

मरांडी ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। पार्टी लगातार जनता के बीच है इस समय पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा आयोजित कर रही है। प्रयास है कि परिवर्तन यात्रा झारखंड के सभी विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरे। इसका समापन दाे अक्टूबर को होगा। मरांडी ने कहा कि पूरे पांच साल से हेमंत सोरेन सरकार झारखंड को लूट रही है। जिस दिन इसकी जांच होगी, सब खुलासा हो जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ईडी ने दर्जनों मामलों में सरकार को पत्र लिखा है लेकिन सरकार ने सारी फाइलों को दबा दिया है। सबसे ज्यादा सीएनटी एक्ट का फर्जीवाड़ा हेमंत सोरेन सरकार में हुआ है। इसके अनेक सबूत हैं। कई बार इस मामले को मैं उठा चुका हूं। इससे उन्हें पीड़ा होती है। कई बार नाम बदल-बदलकर जमीन रजिस्ट्री कराए गए हैं। इसका मतलब क्या होता है? नाम बदलना जगह बदलना, यह सब फर्जीवाड़ा ही है। फर्जीवाड़ा में पूरा गैंग लगा हुआ है।

—————