भाजपा विधायक को हुआ हृदयाघात, स्वास्थ्य मंत्री ने मुलाकात कर जाना हाल
भाजपा विधायक को हुआ हृदयाघात, स्वास्थ्य मंत्री ने मुलाकात कर जाना हाल
रायपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। भाजपा विधायक संपत अग्रवाल को अटैक आने की खबर मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को बालाजी अस्पताल में उनसे मुलाकात की। उन्होने विधायक अग्रवाल से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि अब उनकी तबीयत ठीक है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताया है, वे बहुत ही जल्द ठीक हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं कामना करता हूं कि विधायक संपत अग्रवाल जल्द ही ठीक हों और अपनी क्षेत्र की जनता की सेवा करें।
उल्लेखनीय है कि बसना विधायक संपत अग्रवाल को शनिवार सुबह अचानक हार्ट अटैक आ गया था। बसना के नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर स्थित बालाजी हॉस्पिटल उपचार के लिए भर्ती किया गया है। यहां उनका एंजियोप्लास्टी किया गया। फिलहाल, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल के बेटे सुमित अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे उन्हें हल्का चेस्ट पेन हुआ, उन्हें तत्काल बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम में ले जाया गया। वरिष्ठ सर्जन डॉ एनके अग्रवाल ने हृदयाघात का संदेह व्यक्त करते हुए बिना देरी किए प्राथमिक उपचार कर एम्बुलेंस से रायपुर स्थित बालाजी हॉस्पिटल के लिए रिफर किया, जहां उनका उपचार जारी है।
—————









